Thursday, 31 March 2016

594 शिक्षक मैट्रिक और इंटर की कॉपी करेंगे जांच

एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर शहरके सात मूल्यांकन केंद्रों में से छह पर गुरुवार से मैट्रिक इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। इसमें से चार केंद्रों पर मैट्रिक की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसके लिए झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने कुल 400 परीक्षक नियुक्त किए हैं।
वहीं दो केंद्रों पर इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसके लिए 194 परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। बाकी के एक केंद्र पर मूल्यांकन कार्य 8 अप्रैल से शुरू होगा। यहां इंटरमीडिएट आर्ट्स की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मूल्यांकन केंद्रों के आसपास धारा 144 लगा दिया है। मूल्यांकन कार्य सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इस दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति के मूल्यांकन केंद्र में प्रवेश पर निषेध होगा। इसके लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी भी नियुक्त किया गया है। 

^गुरुवार से शुरू होने वाले मैट्रिक इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए सभी केंद्राधीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मूल्यांकन के समय परीक्षकों को मोबाइल नहीं रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही एक बार केंद्र में घुसने पर उस दिन का मूल्यांकन कार्य पूरा करने के बाद ही वे बाहर निकलेंगे। मुकेशकुमार सिन्हा, डीईओ 

आर्ट्स का मूल्यांकन केंद्र बदला 

जैकने इंटरमीडिएट आर्ट की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्र में बदलाव किया है। जैक ने पहले जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया था। अब बदलकर इसे जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज कर दिया गया है। इस केंद्र पर मूल्यांकन कार्य 8 अप्रैल से शुरू होगा। 

इन केंद्रों पर होगा मूल्यांकन 

मैट्रिक : हिंदुस्तानमित्र मंडल उवि गोलमुरी, जमशेदपुर बालिका उवि, भारत सेवाश्रम प्रणवानंद उवि सोनारी, साकची उवि। 

इंटरमीडिएट: ग्रेजुएटस्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज। 

डीईओ कार्यालय में मॉनिटरिंग सेंटर 

मूल्यांकनकार्य पर नजर रखने के लिए पहला मॉनिटरिंग सेंटर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में बनाया गया है। इसके तहत सभी केंद्राधीक्षकों को प्रति दिन जांची गई उत्तरपुस्तिकाओं की जानकारी के साथ ही कितने परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया और कितनी उत्तरपुस्तिकाएं और बची हैं, इसकी पूरी जानकारी डीईओ कार्यालय स्थित इस मॉनिटरिंग सेंटर को उपलब्ध करानी होगी।

No comments:

Post a Comment