Thursday, 31 March 2016

आज से बदलेगा स्कूल - अस्पताल का समय

एकअप्रैल यानी शुक्रवार से नया वित्तीय वर्ष प्रारंभ हो जाएगा। इसके साथ ही कुछ बदलाव भी होंगे। शुक्रवार से सरकारी अस्पतालों स्कूलों का समय भी बदल जाएगा। अस्पताल के आउटडोर का समय भी अब एक घंटा पहले हो जाएगा। इससे मरीजों को गर्मी में परेशानी नहीं होगी। 
शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डाॅ. राजीव लोचन सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार से अस्पताल के आउटडोर का समय सुबह आठ से 12 आैर शाम को पांच से सात बजे तक रहेगा। सार्वजनिक अवकाश के दिन आउटडोर सुबह नौ से 11 बजे तक रहेगा। 

अभी तक अस्पताल के आउटडोर का समय सुबह नौ से एक और शाम को चार से छह बजे तक था। वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों का समय भी सुबह जल्दी का हो गया है। अब स्कूल सुबह 7.50 से दोपहर 2.10 बजे तक रहेगा। इसमें सुबह 7.50 बजे संस्था प्रधान आठ बजे शिक्षक आएंगे। बच्चे 8.05 पर स्कूल आएंगे। अभी तक स्कूल का समय 9.20 से 3.40 तक चल रहा था।

स्कूलजल्द बंद होने की आशंका 

क्षेत्रके सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं कोटा से ट्रेन से अपडाउन करते हैं। ऐसे में यह शिक्षक ट्रेन के समय के अनुसार ही स्कूल आते जाते हैं। कई बार अधिकारियों की ओर से किए गए औचक निरीक्षण में भी समय से पहले ही शिक्षक नदारद मिले थे। अब स्कूल 2.10 बजे बंद होंगे। इसके बाद कोटा जाने के लिए शाम को 5.15 बजे देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन है। ऐसे में कई शिक्षक दोपहर 1.20 पर आने वाली अवध एक्सप्रेस से ही रवाना हो जाएंगे। इसके चलते वे करीब साढ़े 12 बजे ही स्कूलों से निकल जाएंगे। गत वर्ष भी ऐसा ही होता आया है। 

No comments:

Post a Comment